Gayathri Suresh Big Boss 8 : मलयालम सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री गायत्री सुरेश (Gayathri Suresh) इन दिनों दिग्गज अभिनेता मोहनलाल के लोकप्रिय शो ‘बिग बॉस 8 मलयालम’ (Bigg Boss 8 Malayalam) को लेकर सुर्खियों में छाई हुई हैं। शो में हाल ही में हुए मास एविक्शन के दौरान वह घर से बेघर हो गईं, लेकिन शो से बाहर आने से ठीक पहले उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक ऐसा चौंकाने वाला राज खोला, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। 34 साल की अभिनेत्री ने साल 2021 के अपने एक टॉक्सिक ‘सिचुएशनशिप’ और उसके दर्दनाक अनुभवों के बारे में खुलकर बात की।
पहले ही हफ्ते में पूछ लिया था हैरान करने वाला सवाल
शो के दौरान एक टास्क में जब बिग बॉस ने गायत्री से पूछा कि अगर उन्हें उस शख्स से बात करने का मौका मिले जिसने उन्हें सबसे ज्यादा दुख पहुंचाया है, तो वह क्या कहेंगी? इस सवाल के जवाब में गायत्री ने अपने अतीत के काले पन्नों को पलटा। साल 2015 में फिल्म ‘जमना प्यारी’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाली गायत्री ने बताया कि साल 2021 में वह एक सिचुएशनशिप में थीं, जिसे वह उस वक्त रिश्ता समझती थीं।
अपने उस टॉक्सिक रिश्ते के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा”मैं ऐसी इंसान हूं जो दूसरों के रेड फ्लैग को जल्दी पहचान लेती हूं, फिर भी मैं लोगों को तीन मौके देती हूं। हमारे रिश्ते के पहले ही हफ्ते में, उस शख्स ने मुझसे पूछा— ‘क्या तुम्हें AIDS है?'”
एक्ट्रेस ने बताया कि उस पल उन्हें समझ नहीं आया कि वह कितनी ज्यादा नेगेटिविटी से घिरे रिश्ते में हैं। बाद में उन्हें पता चला कि वह त्रिशूर में रहने वाली गायत्री के साथ-साथ एर्नाकुलम में किसी अन्य लड़की के साथ भी रिलेशनशिप में था।
कार एक्सीडेंट और नार्सिसिस्टिक रिश्ते का दर्द
बातचीत को आगे बढ़ाते हुए गायत्री ने अक्टूबर 2021 में हुए अपने उस चर्चित कार एक्सीडेंट का भी जिक्र किया, जिसने उनकी जिंदगी में भूचाल ला दिया था। उस वक्त वह एक पुरुष दोस्त के साथ कार में थीं, जिसे वही दोस्त चला रहा था और गाड़ी की टक्कर दूसरी गाड़ी से हो गई थी। घटना के बाद वे रुकने की बजाय आगे निकल गए, जिसके बाद पीछा कर भीड़ ने उन्हें रोक लिया था और वीडियो भी वायरल हुए थे।
इस घटना को याद करते हुए गायत्री ने कहा
“पुलिस आई और उस पुरुष दोस्त को थाने ले गई। वापस आने के बाद उसने मुझे एक कैफे में अकेला छोड़ दिया और अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने चला गया। वह मेरे लिए सबसे ज्यादा दुखद अनुभव था। वह एक नार्सिसिस्टिक रिश्ता (Narcissistic relationship) था।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर आज वह उस शख्स से मिलेंगी, तो उसे धन्यवाद कहेंगी क्योंकि उसी दर्दनाक अनुभव और टॉक्सिक व्यवहार से गुजरने के बाद वह एक बेहतर इंसान बन पाईं और उन्होंने खुद को मजबूत किया।

